कैटरीना कैफ़ एक आकर्षक मॉडल और भारतीय फिल्म उद्योग की जानी मानी अभिनेत्री हैं। कैटरीना कैफ़ का जन्म 16 जुलाई 1984 को हुआ था। इनकी माँ ब्रिटिश और पिता एनआरआई हैं, जो मूल रूप से जम्मू कश्मीर से हैं। वह हवाई और लंदन में पली बढ़ीं। कैटरीना कैफ़ ने 14 वर्ष की आयु में एक आभूषण (ज्वैलरी) के विज्ञापन से अपने मॉडलिंग कैरियर की शुरुआत की थी।

लंदन में मॉडलिंग असाइनमेंट का काम करते हुए कैटरीना कैफ़ को फिल्म निर्माता कैजाद गुस्ताद ने देखा और अपनी फिल्म बूम में एक मुख्य भूमिका निभाने के लिए प्रस्ताव भेजा। कैटरीना कैफ़ ने फोटोग्राफर अतुल कासबेकर के साथ अपने मॉडलिंग कैरियर की शुरूआत की और इस खूबसूरत मॉडल ने एलजी, कोका कोला, फेवीकोल, लेक्मे और वीट का भी विज्ञापन किया। कैटरीना कहती है कि उन्हें भारत में बहुत प्यार और सम्मान मिला, जिसकी वजह से एक देश और उसकी अलग संस्कृति के साथ खुद को शामिल करना उन्हें मुश्किल नहीं लगा। वह काफी मेहनती हैं और एक बॉलीवुड अभिनेत्री के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए हिंदी और कत्थक की शिक्षा भी ले रही हैं।

सलमान खान और सुष्मिता सेन के साथ फिल्म “मैने प्यार क्यों किया” में कैटरीना कैफ़ को उनकी भूमिका के लिए काफी सराहा गया और फिल्म सरकार में कैटरीना कैफ़ ने राम गोपाल वर्मा जैसे प्रसिद्ध बॉलीवुड निर्देशक के साथ काम किया। वर्ष 2006 में, कैटरीना कैफ़ ने अक्षय कुमार के साथ फिल्म “हम को दीवाना कर गये” में शानदार अभिनय किया। कैटरीना ने दो तेलगू फिल्मों मल्लीस्वरी (वर्ष 2004) और अल्लारी पिदुगु (वर्ष 2005) में भी अभिनय किया है। वर्ष 2006 में, कैटरीना कैफ़ ने मलयालम सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता मामूट्टी के साथ बलराम बनाम थारदास फिल्म में अभिनय किया।

वर्ष 2007 में कैटरीना कैफ़ को पूर्ण रूप से कामयाबी मिली, क्योंकि उस वर्ष उन्होंने चार फिल्मों में अभिनय किया और ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं। कैटरीना की फिल्म नमस्ते लंदन (वर्ष 2007) की समीक्षकों द्वारा काफी प्रशंसा की गई, इस फिल्म में कैटरीना ने जसमीत उर्फ जैस जो लंदन में पैदा हुई और पली बढ़ी थी, की भूमिका निभाई है। कैटरीना की अगली फिल्म “अपने”जिसमें उन्होंने एक अतिथि की भूमिका निभाई थी, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी हिट रही। कैटरीना की अगली फिल्म पार्टनर और वेलकम थी इन दोनों फिल्मों को भारत में ब्लॉकबस्टर घोषित किया गया था।

वर्ष 2008 में, कैटरीना कैफ को अब्बास-मस्तान की एक्शन थ्रिलर फिल्म रेस में देखा गया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। कैटरीना की अगली एक्शन कॉमेडी फिल्म सिंह इज किंग भी काफी शानदार थी। यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म थी। इसके साथ कैटरीना ने बॉक्स ऑफिस पर छ: बार लगातार सफलता हासिल की। कैटरीना कीवर्ष 2008कीअंतिम फिल्म युवराज रिलीज हुईथी, जो व्यावसायिक तौर पर बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी। वर्ष 2009 में, कैटरीना ने न्यूयॉर्क, ब्लू, अजब प्रेम की गजब कहानी और दे दना दन जैसी फिल्मों में अभिनय किया।

वर्ष 2010 में, प्रकाश झा द्वारा निर्देशित राजनीतिक थ्रिलर फिल्म राजनीति में उनके अभिनय की काफी सराहना की गई और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उसी वर्ष कैटरीना की अगली फिल्म तीस मार खाँ रिलीज हुई, जो मूर्खतापूर्ण हास्य से भरपूर फिल्म थी। फिल्म में “शीला की जवानी” नामक उनका आइटम नंबर एक बड़ा चार्टबस्टर (सबसे अधिक पसंद किया जाने वाला गाना) था, जो काफी हिट हुआ। वर्ष 2011 में, कैटरीना को फिल्म जिंदगी ना मिलेगी दोबारा में देखा गया, जिसने व्यावसायिक तौर पर बॉक्स ऑफिस पर काफी सफलता हासिल की थी। कैटरीना की अगली फिल्म मेरे ब्रदर की दुल्हन, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।

वर्ष 2012 में, कैटरीना, कबीर खान की जासूस थ्रिलर फिल्म एक था टाइगर में अपने पूर्व प्रेमी सलमान खान के साथ नजर आईं। इस फिल्म ने कई फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और इसने व्यावसायिक रूप से फिल्म उद्योग में एक बड़ी सफलता हासिल की थी। उसी वर्ष कैटरीना की दूसरी फिल्म, जब तक है जान रिलीज हुई, जो यश चोपड़ा द्वारा निर्देशित एक रोमांटिक फिल्म थी। इसमें वह शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा के साथ नजर आईं थी।

पुरुस्कार और सम्मान

  • वर्ष 2006: मैने प्यार क्यों किया के लिए निर्णायक अभिनय (महिला) के लिए स्टारडस्ट अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2008: स्टाइल दिवा ऑफ दि इयर के लिए आईआईएफए (आईफा) अवार्ड्स से सम्मानित।
  • वर्ष 2008: ब्रिटिश भारतीय अभिनेत्री के लिए जी सिने अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2009: राजीव गांधी अवार्ड्स से सम्मानित।
  • वर्ष 2009: उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एएसएसओसीएचएएम(एसोचैम) अवॉर्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2010: इंटरटेनर ऑफ दि इयरके लिए स्टार स्क्रीन अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2010: सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री फिल्म न्यूयॉर्क और अजब प्रेम की गजब कहानी के लिए लोकप्रिय पुरुस्कार – स्टारडस्ट अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2011: फिल्म राजनीति और तीस मार खाँ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री – स्टार स्क्रीन अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2011: हिंदुस्तान टाइम्स रीडर्सच्वाइस एंटरटेनर ऑफ द इयर (महिला) के लिए अप्सरा अवार्ड्स से सम्मानित।
  • वर्ष 2012: इंटरनेशनल आइकन फीमेल के लिए जी सिने अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2013: इंटरनेशनल आइकन फीमेल के लिए जी सिने अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2013: एक था टाइगर में पसंदीदा अभिनेत्री के लिए पीपल्स च्वाइस अवार्ड्स इंडिया से सम्मानित।
  • वर्ष 2013: फोर्ब्स इंडिया सेलिब्रिटी की नंबर 1 रैंकिंग (महिला)।
  • वर्ष 2013: ब्रांड एंडोर्सर ऑफ द इयर (महिला) में आईएए लीडरशिप अवार्ड्स से सम्मानित।
  • वर्ष 2013: सर्वाधिक लोकप्रिय अभिनेत्री (विभिन्न मतों और सर्वेक्षणों के अनुसार)।
  • वर्ष 2013: फीमेल सुपरस्टार के लिए हाईफ्लायर्स अवार्ड्स से सम्मानित।
  • वर्ष 2013: फिल्म एक था टाइगर और जब तक है जान में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए कलर स्क्रीन अवार्ड से सम्मानित।
  • वर्ष 2008, 2009, 2010, 201, 2012: सेक्सिएस्ट एशियन वुमन।
  • वर्ष 2008, 2009, 2010, 2011, 2012: मोस्ट सर्चड् इंडियन एक्ट्रेस (गूगलपर सबसे ज्यादा खोजी जाने वाली अभिनेत्री)।
  • वर्ष 2008, 2009, 2010, 2011, 2012: सबसे ज्यादा डाउनलोड की जाने वाली भारतीय अभिनेत्री।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *