शाहजहाँ को मुगल शासकों में से सबसे प्रमुख शासक माना जाता है। वह एक बहादुर, बुद्धिमान और दूरदर्शी शासक थे। वह जहाँगीर के बेटे और अकबर के पोते थे। उनके चार पुत्र दाराशिकोह, शाहशुजा, मुरादबख्श और औरंगजेब थे और तीन बेटियाँ जहाँनारा, रोशनारा और गौहरारा थीं। शाहजहाँ और उनके पिता जहाँगीर के बीच संबंध बहुत ही तनाव पूर्ण थे, इसका मुख्य कारण उनके पिता का अपनी बेहद बुद्धिमान और चतुर पत्नी नूरजहाँ पर अत्यधिक निर्भर होना था। सन् 1627 में, जब जहाँगीर की लाहौर में मृत्यु हो गई, रानी नूरजहाँ द्वारा किए गए षड़यन्त्रों के बावजूद भी प्रजा की माँग पर शाहजहाँ को ही सिंहासन पर बिठाया गया।

अक्सर, शाहजहाँ के तीस साल के शासनकाल (1628-1658) को ही मुगल वंश के स्वर्ण कालीन युग के रूप में जाना जाता है। अकबर ने जिस क्षेत्र की स्थापना की, उसे शाहजहाँ ने विस्तारित, संरक्षित और कुशलता से शासित किया। उनके समय में शासन अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और समृद्ध था, लड़ाईयाँ कम होती थीं और राजकोष भरा हुआ था तथा वहाँ के लोग खुश और संतुष्ट रहते थे। अपने पिता के आदर्शों का पालन करते हुए, उन्होंने भेद भाव रहित एक अच्छे न्यायाधीश और प्रजा के लिए एक कुशल शासक के रूप में अपनी छवि स्थापित कर ली थी। पेरिस, फ्रांस, इटली, पुर्तगाल और इंग्लैंड जैसे विभिन्न विदेशी देशों के साथ भी उनके संबंध अच्छे थे। वह निश्चित रूप से उत्कृष्ट सैन्य और प्रशासनिक कौशल के साथ एक महान राजा थे। शाहजहाँ के प्रारम्भिक शासनकाल से ही राज्य के राजस्व कोष में बहुत तेजी से उन्नति होने लगी थी।

शाहजहाँ ,कला और वास्तुकला के गूढ़ प्रेमी थे। उनके शासनकाल के दौरान बनाई गई वास्तुशिल्प संरचनाएं, हिंदू और इस्लामी परंपराओं को परिभाषित करती हैं। उनकी सबसे उत्कृष्ट स्थापत्य संरचना ताजमहल है, जो दुनिया के सात आश्चर्यों (अजुबे) में से एक है। यह शानदार मकबरा उन्होंने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनाया था। उनके संरक्षण में कई महलों और मस्जिदों का निर्माण हुआ। उनके शासनकाल को “संगमरमर शासनकाल” के रूप में जाना जाता है क्योंकि शाहजहाँबाद के महलों की तरह ही उनकी अधिकांश वस्तुशिल्पें जैसे- मोती मस्जिद और ताजमहल आदि सभी का निर्माण भी संगमरमर (मार्बल) से ही हुआ है। सन् 1639 में, उन्होंने अपनी राजधानी को आगरा से दिल्ली स्थानांतरित कर लिया और इस नई राजधानी को शाहजहाँबाद का नाम दिया। शानदार लालकिला को निर्मित करवाने में उन्हें लगभग दस साल लग गए थे। इन शहरों में बाजार, मस्जिद, उद्यान, महल आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं। 8 अप्रैल, 1648 को मुगल शासकों के मयूर सिंहासन को आगरा से लाल किले में स्थानांतरित कर दिया गया था। शाहजहाँ ने श्रीनगर के दक्षिण में वेरनाग में हरे- भरे बगीचे, लाहौर के प्रसिद्ध शालीमार उद्यान और एक पानी के बागानों के आसपास एक बाग विकसित किया।

शाहजहाँ के चारों पुत्र आपस में एक भयंकर प्रतिद्वंद्वी की तरह थे जो शाहजहाँ के बाद सिंहासन पाने के लिए बेताब थे। हालांकि अपने सिंहासन के दावेदार के रूप में वह अपने सबसे बड़े बेटे दाराशिकोह का ही समर्थन करते थे। उनके जीवन का अंतिम समय बहुत दुखद था क्योंकि उनके बेटे औरंगजेब ने उनको आगरा के किले में कैद कर दिया था और मृत्यु तक कैद ही रखा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *