शिव बाड़ी मंदिर

शिव बाड़ी मंदिर राजस्थान के शहर बीकानेर के प्रमुख आकर्षणों में से एक है। यह बीकानेर शहर से 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और राजस्थान का टूर कर रहें हों तो यहां आना तो बनता है। स्थानीय लोग इसे लालेश्वर महादेव के नाम से भी जानते हैं। बीकानेर के इस शिव बाड़ी मंदिर का निर्माण महाराजा डूंगर सिंहजी ने 19वीं सदी में करवाया था।

लाल बलुआ पत्थरों से बना शिव बाड़ी मंदिर वास्तुकला का एक शानदार नमूना है। शिव बाड़ी मंदिर की मुख्य विशेषताएं इसके मंडप, गुंबद और खूबसूरत खंबे हैं। शिव बाड़ी मंदिर चारों ओर से बड़े बड़े पत्थरों वाली दीवार से घिरा हुआ है जिससे इस मंदिर को अलग और शांत चरित्र मिलता है। शिव बाड़ी मंदिर का मुख्य आकर्षण यहां भगवान शिव की संगमरमर से बनी प्रतिमा है। इस मंदिर में भगवान शिव के साथ रहने वाले पवित्र नंदी की भी कांस्य प्रतिमा है।

बीकानेर के शिव बाड़ी मंदिर में दो विशाल बावडि़यां हैं। शिव बाड़ी मंदिर का बाहरी हिस्सा भी बहुत सुंदर है और यहां भगवान कृष्ण और गोपियों की प्रतिमाएं हैं। सावन के महीने में शिव बाड़ी मंदिर में पूरे देश से हजारों भक्त भगवान के दर्शन और पूजन के लिए आते हैं।

अंतिम संशोधन : दिसंबर 30, 2014