Home / Travel / मुंबई के मनोरी बीच पर एकांत में बिताएं समय

मुंबई के मनोरी बीच पर एकांत में बिताएं समय

February 9, 2018
by


Rate this post

मुंबई के मनोरी बीच पर एकांत में बिताएं समय

मुंबई जैसे भीड़-भाड़ वाले शहर में एक शांतिपूर्ण स्थान खोजना कभी-कभी एक सपने जैसा लगता है। लेकिन जैसा कि कहा गया है कि उसके लिए सब चीजें मुमकिन होती हैं जिसके अंदर विश्वास होता है। मैं किसी न किसी तरह एक ऐसी जगह ढूंढने में कामयाब रही, जो भीड़ से अलग होने के साथ शांतिपूर्ण और शानदार दिखाई देती है। मुम्बई के कम भीड़-भाड़ वाले समुद्री तटों में से एक तट, मनोरी समुद्र तट है, जो उत्तरी मुम्बई के मनोरी गांव में स्थित है। इसके आकर्षण का एकमात्र कारण यह है कि यह एक एकांत जगह पर स्थित है, जो मुम्बई के लोगों के लिए सप्ताहांत की छुट्टियों के लिए एक आकर्षक जगह है।

चारों ओर लहलहाते काजू के पेड़ इस समुद्र तट को और भी अधिक आकर्षक बनाते हैं। यहाँ की चमकदार, साफ और नरम रेत पर आप नंगे पैर टहलकर इसका आनंद उठा सकते हैं। इस समुद्र तट को सूर्यास्त के समय पर्वत श्रंखलाओं से आने वाली सूर्य की किरणें और भी अधिक दिव्य और सुंदर बनाती हैं। शांति और एकांत एक विशेष उपहार है, जो यह समुद्र तट, अपने आगंतुकों को प्रदान करता है। इस जगह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण रात भर होने वाली पार्टियाँ हैं, जिनमें भाग लेने से आपको निश्चित रूप से आनंद प्राप्त होगा।

तट के किनारे देखेंगे तो छोटी छोटी झोपड़ियां दिखाई देगीं, जो ऐसे लोगों के लिए किराए पर उपलब्ध हैं, जो वहाँ अधिक समय बिताना चाहते हैं। एक अलग आनंद प्राप्त करने के लिए यहाँ पर हर समय एक गोला वाला उपलब्ध रहता है जो जल्दी से आपके लिए मनपसंद स्वाद वाली बर्फ की चुस्की तैयार कर देता है। जब आप जल्दी से किसी पिकनिक लायक स्थान के बारे में सोचते हैं तो मनोरी समुद्र तट एक लोकप्रिय नाम है जो सबसे पहले दिमाग में आता है। मनोरी समुद्र तट के खूबसूरत परिदृश्य ने शूटिंग के लिए कई बॉलीवुड निर्देशकों को भी आकर्षित किया है।

मुंबई की भीड़-भाड़ से निकलकर खुद को तरोताज़ा करने के लिए मनोरी समुद्र तट एक बेहतर स्थान है। चाहे आप एकांत का आनन्द लेना चाहते हों या अपने परिवार के साथ एक दिन का आनंद लेना चाहते हों या बस अपने साथी के साथ कुछ आनंद भरे पल बिताना चाहते हों, तो मनोरी बीच जाना न भूलें।