Home / Cities / भारत में रहने योग्य सर्वश्रेष्ठ शहर कौन से हैं?

भारत में रहने योग्य सर्वश्रेष्ठ शहर कौन से हैं?

February 14, 2018
by


भारत में रहने योग्य सर्वश्रेष्ठ शहर

भारतीय शहरों के विकास और शहरी करण में हो रही वृद्धि ने भारतीय समाज और संस्कृति को काफी बदल दिया है। भारत में व्यवसाय, जीवन स्तर, सोच-विचार, शिक्षा, विविध प्रकार के खानपान (पाक वरीयताओं) आदि के मामले में स्पष्ट रूप से एक बदलाव आया है।

ये शहर व्यापार और वाणिज्य के केंद्र हैं तथा हर किसी को अपनी तरफ आकर्षित करते हैं, क्योंकि छोटे शहरों और गाँवों की तुलना में इन शहरों की विकास दर अधिक होती है। एक बेहतर जीवन जीने की इच्छा के कारण लोग आंतरिक (देश के अंदर) प्रवासन कर रहे हैं। लोग गाँवों और कस्बों से शहरों की ओर तथा यहाँ तक कि एक शहर से दूसरे शहर में प्रवासन कर रहे हैं। लेकिन भारत के सभी शहर समान रूप से विकसित नहीं हैं और आपको चुनने में कठिनाई होगी कि कौन सा शहर रहने के लिए उपयुक्त है। प्रवासन से पहले आपको केवल इस बात पर ध्यान देना है कि प्रवासन के लिए किन चीजों को प्राथमिकता दें और कौन सा शहर आपके लिए सर्वश्रेष्ठ है।

भारत में प्रवासन के लिए सबसे अच्छे शहरों की सूची निम्नलिखित है ः

हैदराबाद: एक कंसल्टेंसी फर्म “मर्सर” द्वारा किए गए वैश्विक सर्वेक्षण में भारत में रहने लायक सबसे अच्छे शहरों में हैदराबाद को सबसे अच्छा शहर बताया। पूरी दुनिया में रहने लायक सबसे अच्छे 230 शहरों की सूची में हैदराबाद 138 वें स्थान पर रहा। अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय, प्रमुख विश्वविद्यालय, अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और अच्छी बुनियादी सुविधाओं जैसे कुछ कारक हैं, जो हैदराबाद को भारत में नंबर 1 की श्रेणी में लाते हैं। भारतीय उद्योग परिसंघ और प्रतियोगितात्मक संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक अन्य अध्ययन में नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता को भारत में रहने लायक सबसे अच्छे शहरों के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।

नई दिल्ली: भारत की राजधानी दिल्ली सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों, दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों का केन्द्र है। भारत में रहने लायक अच्छे शहरों में दिल्ली सबसे अच्छा विकल्प है। यहाँ कई तरह के प्रोफेशनल कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थान, रोजगार के अधिक अवसर, विकासशील अर्थव्यवस्था और अधिक क्रय शक्ति जैसे बेहतर विकल्प उपलब्ध हैं जो दिल्ली को रहने लायक एक अच्छा विकल्प बनाते है। दिल्ली शहर में, दिल्ली मेट्रो और अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा इसे और भी सुविधाजनक बनाते हैं।

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुम्बई को भारत का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र एवं अपने समृद्ध आर्थिक ढाँचे, सामाजिक-सांस्कृतिक वातावरण और आवास के लिए सबसे उपयुक्त स्थान के रूप में जाना जाता है। महिलाओं के लिए मुंबई को एक सुरक्षित जगह माना जाता है। महिलाएं इस शहर में स्वतंत्र और निडर होकर यात्रा कर सकती हैं। मुंबई शहर लोगों की आकांक्षाओं और उनके सपनों को पूरा करने वाले शहर के रूप में जाना जाता है। सपनों के शहर मुंबई में समुद्र के किनारे बैठकर शानदार हवा का आनंद लेने से अच्छा और कुछ नहीं हो सकता है।

चेन्नई: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, दक्षिण भारत का सबसे बड़ा व्यावसायिक केंद्र है। ऑटोमोबाइल उद्योग की भरमार के कारण चेन्नई को “भारत का डेट्रोइट” नाम से भी जाना जाता है। कई मामलों में इस शहर को सुरक्षित माना जाता है और यहाँ के कई स्कूल और विश्वविद्यालय उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करने का दावा करते हैं। चेन्नई में कपिलेश्वर मंदिर जैसे कई प्रसिद्ध मंदिर और कई लोकप्रिय समुद्र तट भी हैं।

बेंगलुरु: बेंगलुरू को गार्डन सिटी भी कहा जाता है, जो कि भारत में रहने के लिए सबसे शानदार स्थानों में से एक है। इस शहर में कई स्कूल, विश्वविद्यालय, प्रबंधन संस्थान, लॉ कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज आदि के माध्यम से उच्च श्रेणी की शिक्षा प्रदान की जाती है। भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू (आईआईएससी) एक तरह से अपनी गुणवत्ता और अनुसंधान सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध है। बेंगलुरू शहर दुनिया भर की आईटी कंपनियों का घर है, इसलिए इस शहर में रोजगार की कोई कमी नहीं है।

कोलकाता: इस शहर में रह कर आप औपनिवेशिक आकर्षण का आनंद ले सकते हैं। कोलकाता को भारत के सुसंस्कृत शहरों में से एक माना जाता है। भारत की पूर्व राजधानी कोलकाता में ऐतिहासिक इमारतों का काफी अनोखा संग्रह है। मेट्रो ट्रांजिट सिस्टम प्राप्त करने वाला यह पहला भारतीय शहर है। कोलकाता शहर मुँह में पानी ला देने वाले कई प्रकार के व्यंजनों की पेशकश करता है। व्यंजनों के स्वाद से एक अद्वितीय और स्वादिष्ट अनुभव को महसूस करें और बुद्धिजीवियों के बीच रहें।

आप उस शहर के बारे में अपने दृष्टिकोणों को बता सकते हैं, जहाँ पर आप रह रहे हैं या रह चुके हैं। क्या आप मुझसे इस बात को साझा कर सकते हैं कि आपने अपने शहर को भारत में रहने योग्य सर्वश्रेष्ठ शहर के रूप में क्यों चुना?