Home / / ताज महल के बारे में बीस तथ्य

ताज महल के बारे में बीस तथ्य

June 3, 2016


ताज महल

ताज महल

ताज महल के बारे में बीस तथ्य

ताज महल भारत का सबसे प्रसिद्ध स्मारक है और विश्व की सबसे प्रसिद्ध इमारत है। इसे सम्राट शाहजहां ने सफेद संगमरमर से अपनी बेगम मुमताज की याद में बनवाया था। ताज महल पूरी दुनिया में प्यार की निशानी के तौर पर जाना जाता है। ताज महल को यूनेस्को ने विश्व विरासत घोषित किया है और इससे कई मिथक भी जुड़े हैं। समय के साथ साथ इसके साथ कई कहानियां जुड़ती गईं। इस प्रसिद्ध स्मारक से जुड़े बीस दिलचस्प तथ्य इस प्रकार हैं:

ताज महल के बारे में तथ्य

  1. ताज महल का निर्माण सन् 1632 में शुरु हुआ और सन् 1653 में यह पूरा तैयार हुआ। इस तरह इस स्मारक के निर्माण में लगभग 22 सालों का समय लगा।
  2. ताज महल की वास्तुकला की शैली भारतीय, फारसी और इस्लामी वास्तुकला का मिश्रण है।
  3. ताज महल के वास्तुकार का नाम अहमद लाहौरी है।
  4. ताज महल शाहजहां की कल्पना है, उस जगह के लिए जहां मुमताज जन्नत में रहती है।
  5. लगभग 20,000 मजदूरों ने 22 साल तक दिन रात काम कर के ताज महल का निर्माण पूरा किया।
  6. ताज महल के निर्माण की लागत करीब 320 मिलीयन रुपये थी।
  7. ताज महल का निर्माण राजस्थान, तिब्बत, अफगानिस्तान और चीन के उच्च गुणवत्ता के संगमरमर से किया गया था।
  8. दिन के अलग अलग समय पर ताज महल का रंग अलग प्रतीत होता है। कुछ लोगों का मानना है कि इसके बदलते रंग, औरत के बदलते मिज़ाज के परिचायक हैं।
  9. ताज महल विश्व का एक अजूबा है और यह यूनेस्को द्वारा घोषित एक विश्व विरासत स्थल भी है।
  10. एक लोकप्रिय मिथक है कि शाहजहां यमुना नदी के पार एक काला ताज महल बनवाना चाहते थे, परंतु यह सत्य नहीं है।
  11. एक लोकप्रिय मिथक यह भी है कि ताज महल के बनने के बाद शाहजहां ने इसे बनाने वाले मजदूरों के हाथ कटवा दिए थे ताकि ऐसा स्मारक दोबारा ना बनाया जा सके। सौभाग्यवश यह सच नहीं है।
  12. ताज महल के परिसर में एक मस्जिद है, इसलिए ताज महल शुक्रवार को बंद रहता है और सिर्फ परांपरागत प्रार्थना के लिए जाने वालों को ताज महल में जाने की अनुमति दी जाती है।
  13. शाहजहां ताज महल पहुंचने के लिए यमुना नदी से नाव के जरिये जाते थे।
  14. 19वीं सदी के अंत में अंग्रेज सैनिकों ने ताज महल को विकृत किया और उसकी दीवारों से कीमती पत्थरों को उखाड़ दिया। 19वीं सदी के अंत में वायसराय लाॅर्ड कर्जन ने इस स्मारक के पुनः सौंदर्यीकरण का आदेश दिया। साथ ही एक बड़ा कंदील भी तोहफे में दिया जो ताज महल के भीतरी कक्ष में लटका हुआ है।
  15. सन् 2000 में भारतीय लेखक पी एन ओक ने दावा किया कि ताज महल दरअसल एक शिव मंदिर है और सुप्रीम कोर्ट में ताज महल के स्थल पर सबूत जुटाने के लिए खुदाई कराने की याचिका दी। उनकी यह याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी।
  16. सन् 2001 में यूनेस्को ने ताज महल में दो मिलीयन आगंतुकों का आंकड़ा दर्ज किया।
  17. नोबल पुरस्कार विजेता भारतीय लेखक रवींद्रनाथ टैगोर ने ताज महल को ’समय के गाल पर आंसू की एक बूंद‘ कहा था।
  18. कब्र पर की गई लिखावट मुमताज के बारे में बताती है और उनकी प्रशंसा करती है।
  19. ताज महल की चार मीनारों को मुख्य स्मारक से दूर बनाया गया है, ताकि वो गिरे तो मुख्य स्मारक को कोई नुकसान ना पहुंचे।
  20. शाहजहां की मौत के बाद उन्हें भी ताज महल में उनकी बेगम मुमताज के पास दफनाया गया।