Home / / केरल शैली की भुनी मछली रेसिपी

केरल शैली की भुनी मछली रेसिपी

August 2, 2017


Kerala-Fish-Fry-665x580

केरल शैली की भुनी मछली

मछलियों का सेवन भारत में बड़े पैमाने पर किया जाता है। समुद्र के तट पर बसे राज्यों में इसका सेवन अधिक किया जाता है, इन राज्यों में इसको एक मुख्य भोजन माना जाता है। भारत का दक्षिणी राज्य केरल अपने व्यापक जलाशयों में शामिल झीलों और ठहरे हुए जलाशयों के लिए बहुत प्रसिद्ध है, स्थानीय मछुआरे इनमें से मछली पकड़ते हैं जिनका स्थानीय लोगों के द्वारा उपभोग किया जाता है तथा इन मछलियों को पूरे देश में भी वितरित किया जाता है। केरल में मछलियों को मीन के नाम से जाना जाता है और भुनी (फ्राय) मछलियों को सामान्य रूप से मीन वरूथाथू कहा जाता है। नारियल के उपयोग से इसको एक अलग स्वाद मिलता है। नारियल केरल में बहुतायत मिलने वाला प्रसिद्ध फल है। मछली को केरल का पारंपरिक स्वाद प्रदान करने के लिए नारियल के तेल में तला जाता है। यह मछली विटामिन ए, डी, फॉस्फोरस और कई पोषक तत्वों से समृद्ध होती है, इसे स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। भोजन में एक शानदार स्वाद देने वाली यह भुनी हुई मछली चावल या किसी अन्य व्यंजन के साथ मजे से खाई जा सकती है। आप इसे एक स्टार्टर (भोजन शुरू करने से पहले) के रूप में भी इस्तेमाल कर सकते हैं। केरल शैली की भुनी मछली को पकाना बहुत ही आसान है। ताजी मछलियाँ लेकर इस केरल शैली की भुनी मछली को बनाने का प्रयास करें।

केरल शैली की भुनी मछली बनाने के लिए आवश्यक सामग्री

  • मध्यम आकार की कोई भी मछली – 2 या 3
  • अदरक लहसुन का पेस्ट – 2 चम्मच
  • गरम मसाला पाउडर – 1/2 चम्मच
  • नारियल पाउडर – 1 बड़ा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर – 1/2 चम्मच
  • हल्दी पाउडर – 1/2 चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर – 1/2 चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार
  • भूनने (तलने) के लिए नारियल का तेल

केरल शैली की भुनी मछली कैसे बनाएं

  • एक कटोरे में अदरक लहसुन का पेस्ट, गरम मसाला, नारियल पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर और नमक को मिलाएं।
  • थोड़ा सा पानी मिलाकर इस मिश्रण का पेस्ट तैयार करें।
  • इस पेस्ट को मछलियों के दोनों तरफ लगायें।
  • इन मछलियों को एक घंटे के लिए ढक कर रख दें।
  • एक कढ़ाही में थोड़ा सा नारियल का तेल डालें।
  • धीमी आँच पर मछलियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक भूनें।
  • गर्मा-गरम परोसें।